टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग के पिथौरागढ़ चुंगी क्षेत्र में चल रहे सड़क विस्तारीकरण कार्य में पानी की निकासी नायकगोठ ग्रामसभा की ओर किए जाने से ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने लोनिवि के एई के साथ स्थलीय निरीक्षण कर एनएचएआई को पुन: सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
टनकपुर-सितारगंज एनएच का ककरालीगेट तक विस्तारीकरण कार्य चल रहा है। कार्यदायी विभाग एनएचएआई सड़क का विस्तार कर पानी निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण भी करा रहा है। पिथौरागढ़ चुंगी क्षेत्र में नाली की निकासी नायकगोठ के नाले की ओर किया जा रहा है। इसका पता चलने पर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने विरोध कर निर्माण कार्य रुकवा दिया और तहसील आकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नाली की निकासी गांव की ओर करने से शहर का गंदा पानी भी गांव में पहुंचेगा।
इधर, ग्रामीणों के विरोध को देख एसडीएम ने लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट को साथ लेकर निर्माण स्थल का जायजा लिया और पुन: सर्वे करने के निर्देश दिए। विरोध-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान रेनू देवी, त्रिलोक सिंह, सुरेश कुमार, राकेश सिंह, सुरेश राम, राजेंद्र राम, बेनी राम आदि महिलाएं भी शामिल थीं।