चंपावत। नए शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए छात्र-छात्राओं को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए शिक्षक घर-घर दौड़ लगाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से सभी विद्यालयों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अच्छे प्रदर्शन करने वाले शिक्षक को विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
जिले के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों में कक्षा एक, छह और 11वीं में प्रवेश के लिए शिक्षक बच्चों के घर-घर जाकर उन्हें सरकारी विद्यालयों में प्रवेश के लिए जागरूक करेंगे। इस दौरान शिक्षकों को विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाए जाने के लक्ष्य पर काम करना होगा। विद्यालयों में अधिक प्रवेश दिलाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। इधर शिक्षा विभाग की ओर से प्रवेश उत्सव के तहत विद्यालयों में बच्चों की अधिक से अधिक संख्या बढ़ाने पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कोट
जिले के सरकारी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के तहत बच्चों के प्रवेश के लिए विभागीय तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकारी विद्यालयों में बच्चों की अधिक से अधिक उपस्थिति के लिए भी ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। विभाग के संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। - मेहरबान सिंह बिष्ट, सीईओ, चंपावत।