हाइवे पर सूखीढांग के पास बाघ के हमलावार होने को लेकर बाइक सवारों को सचेत करते वन कर्मी। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। पिथौरागढ़ हाईवे पर सूखीढांग में आठवें मील के पास बृहस्पतिवार को शिक्षक पर हुए बाघ के हमले के बाद मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों में दहशत रही। वन विभाग की टीम बस्तिया और बृजनगर के पास दोपहिया चालकों को रोककर सचेत कर समूह में भेजती रही। इधर, चिकित्सकों ने हमले में घायल शिक्षक नितिन सिंह के गले में गंभीर घाव होने पर डॉ. आफताब अंसारी ने उसे उप जिला अस्पताल से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।
कुछ साथियों के साथ नंदा कान्वेंट स्कूल के शिक्षक और खर्कवाल गार्डन निवासी नितिन सिंह सूखीढांग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को घूमने गए थे। शाम करीब 6:30 बजे जब नितिन बाइक से लौट रहा था तो बाघ ने आठवें मील के पास उस पर हमला कर दिया था। बूम रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि बस्तिया और बृजनगर के पास वन कर्मियों को तैनात किया गया है जो आने जाने वालों बाइक सवारों को रोककर सचेत और एक साथ भेज रहे हैं। वनकर्मी बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
इनसेट
आठवें मील में अगस्त 2023 से हमले की छठी घटना
टनकपुर (चंपावत)। हाइवे पर बस्टिया से सूखीढांग के बीच आठवें मील में 30 अगस्त 2023 से अब तक बाघ के दोपहिया वाहन चालकों पर हमले की छठी घटना हो चुकी है। हमलों में बाघ ने कई लोगों को घायल किया। आठवें मील से अमरूबैंड तक ढाई वर्ष में 15 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। बूम रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि बाघों का प्रजननकाल चल रहा है, इसकी वजह से वे हमलावर हो जाते हैं।