लोहाघाट (चंपावत)। विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के एक गांव की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोपी सरकारी स्कूल के शिक्षक को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं रविवार को कोर्ट से आरोपी शिक्षक को जमानत मिल गई।
लोहाघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि लोहाघाट विधानसभा के एक गांव के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर सरकारी स्कूल के शिक्षक अर्जुन सिंह छतोला के खिलाफ कुछ दिन पहले कक्षा सात की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कील थी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित छात्रा के सोमवार को न्यायालय में 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे। मामले की जांच एसआई सुष्मिता राणा कर रही हैं। वहीं रविवार को कोर्ट से आरोपी को जमानत मिल गई। संवाद