टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन ने मां पूर्णागिरि मेले में वाहनों से पार्किंग की अधिक वसूली का आरोप लगाया। यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में सदस्यों ने एसडीएम आकाश जोशी और पुलिस अधिकारियों के समक्ष दो सूत्री मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को यूनियन अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे यूनियन के लोगों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के समक्ष मेले में भैरव मंदिर तक टैक्सी संचालन पर प्रति टैक्सी 12 घंटे का 200 रुपये पार्किंग शुल्क वसूलने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि 24 घंटे के शुल्क की व्यवस्था की जाए। एसडीएम ने कहा कि वर्तमान पार्किंग ठेके के अनुबंध के शर्ताें को देखने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन ने नगर के पुराने टंकी मेला स्थल से ही टैक्सी वाहनों की भैरव मंदिर तक संचालन की व्यवस्था कराने की मांग उठाई। एसडीएम ने इस मामले में एआरटीओ और पुलिस के अधिकारियों से वार्ता के लिए कहा। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी और सदस्यों ने कोतवाली में अपनी बात रखी। वहां यूनियन के रवि, प्रमोद, अजय शर्मा, महेंद्र, दीपक कुमार, कासिम, राहुल, प्रमोद, सुनील, दीपक, कमल आदि थे। संवाद