चंपावत में डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते टैक्सी यूनियन पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
यहां टैक्सी चालकों और स्वामियों ने विभिन्न समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 14 जून से कुमाऊं मंडल के विभिन्न मार्गों में टैक्सी वाहनों का संचालन बंद रखने का एलान किया है। इस संबंध में टैक्सी यूनियन कुमाऊं महासंघ की ओर से जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।
वाहन चालकों का कहना है कि तेल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी होने के बाद टैक्सी किराए में बीते पांच साल में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। मुख्य रूप से पुराने वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के फरमान से उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि पुराने वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के खिलाफ राज्य सरकार को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करनी चाहिए।
चेतावनी दी गई है कि यदि इस संबंध में अतिशीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की गई तो कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में टैक्सियों का संचालन ठप किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में कुमाऊं टैक्सी यूनियन महासंघ उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, गुमदेश टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन सिंह धौनी, प्रकाश कुंवर, दीपक सिंह, नाथ राम, बचन सिह धौनी, भुवन सिंह, मदन सामंत, दिनेश सिंह, मान सिंह, खिलानंद सहित विभिन्न टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी शामिल रहे।