चंपावत। यहां भी टैक्सी चालकों का कार्य बहिष्कार रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुमाऊं टैक्सी यूनियन महासंघ के आह्वान पर दूसरे दिन टैक्सियों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। महासंघ उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट ने कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो आने वाले लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने हमारे पढ़े-लिखे चालक भाइयों को रोजगार तो दिया नहीं, ऊपर से कई कानून थोपे जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में रविंद्र कुमार, जमन राम, शिरोमणि, कमल खाती, हरिनंदन जोशी, मान सिंह, बलवंत सिंह, विजय कुमार, सूरज पुजारी, कमल सिंह बोरा, नर सिंह, सूरज, तेज सिंह, रोशन, मुकेश, गोपाल सिंह आदि शामिल रहे।
फोटो 28 सीपीटी 02 पी।
टनकपुर में घंटों इंतजार, बस आते ही टूट पड़े यात्री
टनकपुर (चंपावत)। कुमायूं महासंघ टैक्सी यूनियन की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। खटीमा और बनबसा रूट पर रविवार को कोई टैक्सी नहीं चली। इससे टनकपुर से पहाड़ जाने वाले यात्री परेशान रहे। यात्री रोडवेज की बस आते ही सीट पाने के लिए टूटते नजर आए। यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि दोपहर तक बसों में सीट के लिए मारामारी नजर आई। रोडवेज प्रशासन ने टनकपुर से पहाड़ के लिए अतिरिक्त पांच बसों का संचालन किया।
रविवार सुबह से ही रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों का उमड़ना शुरू हो गया था। सुबह 10 बजे तक रोडवेज स्टेशन के पिथौरागढ़ रूट के टाइम कीपर भवान सिंह ने बताया कि पिथौरागढ़ रूट की 16 बसों में 12 रवाना हो चुकी थीं। स्टेशन प्रभारी मंजुल कुमार आर्य ने बताया कि तड़के ही टनकपुर डिपो की दो बसें बेड़ीनाग प बेड़ीनाग और एक बस धारचूला के लिए जा चुकी थी।
लोहाघाट डिपो की जीएसआई मंजू जोशी ने बताया कि 15 बसें विभिन्न रूटों पर रवाना की गईं। दोपहर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था से कुछ राहत मिली। आरएम पवन मेहरा ने बताया कि पांच बसों का अतिरिक्त संचालन किया गया। इस बीच टैक्सी स्टैंड व पिथौरागढ़ चुंगी में सन्नाटा पसरा रहा। श्री पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन कुमार ने बताया कि महासंघ के आह्वान पर हड़ताल का समर्थन किया गया है।