एनएचपीसी मुख्यालय फरीदाबाद में 52 वें एनएचपीसी स्थापना दिवस पर टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक
बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी लिमिटेड के बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन को आरओआर (रन ऑफ रिवर) श्रेणी में वर्ष 2025-26 का सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन घोषित किया गया है। मंगलवार को एनएचपीसी के 52वें स्थापना दिवस पर फरीदाबाद स्थित मुख्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने पावर स्टेशन के महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य को यह पुरस्कार प्रदान किया।
एनएचपीसी की ओर से पूरे वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर पावर स्टेशनों को यह सम्मान दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान टनकपुर पावर स्टेशन ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी उपलब्धि के लिए स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन के पुरस्कार से नवाजा गया।
महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों की मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा को दिया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।