टनकपुर (चंपावत)। कोतवाली पुलिस ने चार वर्ष से फरार साइबर ठगी के एक आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि 28 मार्च 2022 को एक महिला से एनी डेस्क रिमोट एप डाउन लोड कराकर 49,867 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। महिला ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में जांच में आरोपी मोहम्मद फाजिल निवासी हाउस नंबर 1620, मंगमल पलिया, अनुगोडन हाली, बेंगलूरू (कर्नाटक) की लिप्तता प्रकाश में आई थी जो चार वर्ष से फरार चल रहा था।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। कोर्ट के वारंट पर कर्नाटक पुलिस टीम भेजी गई। टीम ने कर्नाटक की स्थानीय पुलिस से संपर्क कर उसके सहयोग से आरोपी को देर रात बेंगलूरू स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश किया गया। संवाद