राजकीय शिक्षक संघ ने प्रस्तावित स्थानांतरण एक्ट में शिक्षकों के हितों को सुरक्षित करने की मांग की है। संघ ने पर्याप्त पड़ताल के बाद एक्ट को लागू करने तथा सुगम-दुर्गम के निर्धारण में मौजूदा मानकों को भी शामिल करने की मांग की।
शिक्षक भवन में संघ के जिलाध्यक्ष पान सिंह मेहता की अध्यक्षता और जिला मंत्री जगदीश अधिकारी के संचालन में हुई बैठक में शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल का शिक्षकों ने स्वागत किया। शिक्षकों ने विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। विधायक ने कहा कि चरित्र निर्माण कर शिक्षा देने वाले शिक्षक सबसे बड़े सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने शिक्षकों से निष्ठा के साथ नौनिहालों के भविष्य को संवारने को कहा।
इस मौके पर बाराकोट, चंपावत, लोहाघाट और पाटी विकासखंडों से आए शिक्षकों ने पारदर्शी स्थानांतरण एक्ट में शिक्षकों के पूर्व के गुणांकों को जोड़ने की बात कही। शिक्षकों ने अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण के लिए सरकार, जन प्रतिनिधियों व संगठन का आभार जताया। इस मौके पर जिला संयुक्त मंत्री अर्जुन सिंह, प्रवक्ता नरेश चंद्र राय, देवराज ओमरे, अनिल पचौली, सुंदरनाथ, हरीश कलौनी, श्याम सिंह बोहरा, आरके गड़कोटी, प्रमोद सैनी, बलजीत सिंह आदि मौजूद थे।