लोहाघाट नगर में डा.भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते अनुसूचित जाति सं?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। अनुसूचित जाति संगठन ने लोहाघाट नगर में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए एक दिनी सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को संगठन के जिलाध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में एससी वर्ग के लोगों ने डाक बंगला रोड स्थित शीतला माता मंदिर के समीप बने पार्क में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। विपिन ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी जिलाधिकारी से शीतला माता मंदिर के पास पार्क में या शिवालय पार्क आंबेडकर की प्रतिमा लगाने की मांग की थी। लेकिन अभी तक प्रशासन ने उनकी मांग पर कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी एक सूत्री मांग को पूरा नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन धरना और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, बसंत राम, संजय कुमार, बसंत कुमार, प्रकाश चंद्र, ईश्वर कोहली, भवान कोहली, संजय कुमार, वजीर राम, गोपाल लाल, मनीष थापा आदि मौजूद रहे।