टनकपुर (चंपावत)। नगर के प्रमुख राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में हिंदी, राजनीति विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त हैं। पद रिक्त होने से दोनों विषयों का ज्ञान लेना छात्राओं के लिए आसान नहीं हो रहा है।
राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में छात्रा संख्या 785 है। नगर और आसपास के बड़े क्षेत्र की छात्राओं को सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा मिल रही है। पर्याप्त कक्षा कक्ष के लिए लेकर विभागीय स्तर पर कार्य चल रहा है लेकिन गुरुजनों के रिक्त पदों से पढ़ाई में कठिनाई आने लगी है। प्रधानाचार्य विनीता जोशी ने बताया कि वर्तमान में काॅलेज में प्रवक्ता के 10 पद सृजित हैं। सात प्रवक्ता कार्यरत हैं। राजनीति विज्ञान और हिंदी प्रवक्ता के पद रिक्त चल रहे हैं। विभाग को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। जबकि गृह विज्ञान प्रवक्ता का स्थायी पद भी रिक्त है, व्यवस्था के तौर पर संविदा में प्रवक्ता की तैनाती की गई है। दो पद रिक्त होने से पढ़ाई की व्यवस्था कराने में दिक्कत तो आ रही है, उम्मीद जताई कि जल्द तैनाती हो जाएगी।
प्रभारी मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि रिक्त पदों की जानकारी शासन स्तर पर भेज दी गई है। शासन स्तर से जिले में प्रवक्ताओं और शिक्षकों की नियुक्ति होने पर प्रमुखता के आधार पर स्कूल में तैनाती की जाएगी।