देवीधुरा में धरना देते छात्र प्रतिनिधि।
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी (चंपावत)। मां बाराही धाम देवीधुरा के राजकीय डिग्री कॉलेज में नए संकायों के अलावा कई अन्य सुविधाओं को लेकर छात्र प्रतिनिधियों का धरना शुक्रवार को भी दूसरे दिन जारी रहा। छात्र महासंघ सचिव चेतन चम्याल के नेतृत्व में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ धरना चल रहा है। छात्रों ने मांग पूरी नहीं होने पर कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई से आमरण अनशन शुरू करने का एलान किया है।
2014 में शुरू हुए देवीधुरा डिग्री कॉलेज छह साल बाद भी महज छह विषयों के साथ संचालित है। यहां सिर्फ बीए की कक्षाएं चलती हैं। अब छात्र बीएससी, बीकॉम के अलावा पीजी की कक्षाएं शुरू करने, बीए में भूगोल, इतिहास व शिक्षाशास्त्र विषयों का संचालन करने, देवीधुरा कॉलेज भवन का शेष कार्य जल्द पूरा करने और कॉलेज को जाने वाले रास्ते की बदहाल सड़क के सुधार की भी मांग कर रहे हैं। छात्र महासंघ सचिव चेतन चम्याल के अलावा छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश मेहरा, सचिव गोकुल राम और कोषाध्यक्ष नीरज जोशी ने धरना दिया।