आत्मरक्षा के लिए लाठी चलाने का प्रशिक्षण लेती टनकपुर जीजीआईसी की छात्राएं।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। समग्र शिक्षा अभियान के तहत बालिकाओं को पढ़ाई के साथ ही आत्मरक्षा में भी निपुण बनाया जा रहा है। अभियान के तहत राम रतन लाल भगवत सरन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं भी आत्मरक्षा में निपुण हो रही हैं। इसके लिए छात्राओं को 45 दिन का कराटे और लाठी चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जो गत 11 फरवरी से जारी है।
कोरोनाकाल में बंद स्कूलों के खुलने के बाद अब पढ़ाई के साथ ही स्कूलों में कोरोना से बचाव के नियमों का पालन कराते हुए अन्य गतिविधियां भी संचालित होने लगी है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्थानीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। जिला कराटे एसोसिएशन के प्रशिक्षक अंतर्राष्ट्रीय मेडल प्राप्त सनसई सुंदर सिंह छात्राओं को कराटे और लाठी चलाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रधानाचार्या अनुराधा दुबे ने बताया कि प्रशिक्षण में 30 छात्राएं प्रतिभाग कर रही हैं। उनका कहना है कि आज समय को देखते हुए शिक्षा के साथ ही बालिकाओं का आत्मरक्षा में दक्ष होना भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को पूरी निष्ठा से प्रशिक्षण लेने को प्रेरित किया। (संवाद)