चंपावत। जनहित की योजनाएं फाइलों में बंद रहें, यह अब नहीं चलेगा। डीएम मनीष कुमार ने बुधवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़ा कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। किसी भी स्तर पर शिथिलता या उदासीनता बरती गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिन योजनाओं के लिए डीपीआर तैयार की जानी है। उन्हें तत्काल शासन को प्रेषित किया जाए ताकि बजट आवंटन में अनावश्यक विलंब न हो। डीएम ने कहा कि जो घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं उनका हस्तांतरण संबंधित विभागों को तत्काल सुनिश्चित किया जाए और अपूर्ण कार्यों को समयबद्ध योजना से पूरा किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि समीक्षा बैठकों में वास्तविक प्रगति ही प्रस्तुत की जाए। भ्रामक जानकारी देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। बैठक में सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहित मल्ली, डीडीओ दिनेश डिगारी, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।