चंपावत। जिले के पाटी विकासखंड की परेवा ग्राम पंचायत के विभिन्न तोकों में पेयजल संकट गहराया है। ग्राम पंचायत के भर्मुंडा, कलौता, तोला तोक में पिछले साल अक्तूबर से पेयजल संकट बना हुआ है।
इस समस्या को सुलझाने के लिए ग्रामीणों ने डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान के अधिकारियों को समस्या बताई जा चुकी है। इसके बावजूद पेयजल योजना की मरम्मत नहीं की जा रही है। पूर्व प्रधान गंगा सिंह परवाल, मदन सिंह आदि ने बताया कि नौ माह से क्षतिग्रस्त पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने भी कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है।
इस कारण ग्रामीणों को कई किमी दूर से पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। पालतू जानवरों के लिए पीने का पानी जुटाना चुनौती बना हुआ है। उन्होंने क्षतिग्रस्त पेयजल योजना की जल्द मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।