लोहाघाट में व्यापारियों का लाईसेंस निरस्त करने का आदेश देती तहसीलदार।
- फोटो : अमर उजाला
नगर में यातायात व्यवस्था को पटरी में लाने के लिए स्टेशन बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और नगर पंचायत का अभियान फिर शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत सोमवार को व्यापारियों द्वारा नालियों के बाहर लगाई गई दुकानों को नालियों के अंदर कराया गया। इस दौरान रेहड़ी, ठेला लगाने वाले व्यापारियों को 25 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से सब्जी मंडी में उन्हें आवंटित दुकानों में शिफ्ट होने को कहा गया। तहसीलदार ने आठ लोगों द्वारा दुकान लगाने के लिए नगर पंचायत से बनाए गए लाइसेंस को दूसरे लोगों को दिए जाने पर उनके लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार नीलू चावला, थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल और नगर पंचायत के ईओ कमल कुमार के नेतृत्व में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों से बाहर लगाई गई दुकानों को नालियों के भीतर कराकर व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान पाया गया कि आठ लोगों द्वारा दुकान लगाने के लिए नगर पंचायत से बनाए गए अपने लाइसेंस अन्य लोगों को दिया गया है। उनके लाइसेंस पर अन्य लोगों द्वारा दुकानें लगाई जा रही है। तहसीलदार ने इन आठ लोगों के दुकान लगाने के लाइसेंस को तत्काल निरस्त करने को कहा। ईओ ने स्टेशन बाजार में रेहड़ी, ठेेला लगाने वाले व्यापारियों को 25 दिसंबर तक उन्हें सब्जी मंडी में आवंटित दुकानों में शिफ्ट होने को कहा।
उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी 25 दिसंबर तक निर्धारित दुकानों में शिफ्ट नहीं होंगे तो 26 दिसंबर को उनका सामान उन्हें निर्धारित दुकानों में पहुंचा दिया जाएगा। अभियान के दौरान एक ठेली को जब्त किया गया। पुलिस ने दो लोगों के पुलिस एक्ट में चालान करने के साथ नो पार्किंग में खड़े चार वाहनों के चालान किए गए। इस मौके पर मोहन चंद्र पंत, भुवन चंद्र भट्ट, राजकुमार बिष्ट, कल्याण सिंह, एसआई हेमंत कठैत, एसआई हरीश प्रसाद, एसआई रमेश तिवारी आदि मौजूद थे।
गंदगी और पॉलिथीन पर दो लोगों के काटे चालान
लोहाघाट (चंपावत)। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान में गंदगी करने और पॉलिथीन में सामान ले जाने वाले दो लोगों का चालान काटा गया। तहसीलदार के आदेश के बाद दोनों ही लोगों से साढ़े चार सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर क्षेत्र में पॉलिथीन की बिक्री होने पर तहसीलदार ने गहरी नाराजगी जताई। ईओ को सभी दुकानों में छापेमारी कर पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए।