टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के पास लुढ़कते पत्थर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर स्वांला के पास बुधवार शाम छह बजे मलबा आने और पत्थर लुढ़कने से आवाजाही बाधित हो गई। रास्ते में 35 छोटे-बड़े वाहन फंसे हैं। फंसे वाहनों में ज्यादातर मालवाहक हैं। एनएच पर शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक आवाजाही पर प्रशासन की ओर से पहले से ही प्रतिबंध है लेकिन अब आकस्मिक सेवा वाले वाहनों की आवाजाही को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस के अलावा स्वास्थ्य विभाग और रोडवेज को सड़क बंद होने की जानकारी देते हुए वाहनों का इस मार्ग से फिलहाल संचालन नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक बुधवार शाम 6:05 बजे चंपावत से 23 किमी दूर स्वांला में पहाड़ी से मलबा और पत्थर लुढ़कने लगे। डीडीएमओ मनोज पांडेय ने बताया कि शुरुआत में मलबा गिरने की गति धीमी होने पर मलबे को साफ कर कुछ फंसे वाहनों को निकाला गया।
अलबत्ता 35 वाहन सड़क के दोनों तरफ फंसे हुए हैं। इन वाहनों में फंसे लोगों को राहत पहुंचने के लिए चल्थी पुलिस चौकी को निर्देश दिए गए हैं। रात में खतरे की वजह से फिलहाल मलबा हटाने का काम भी रोका गया है। गौरतलब है कि स्वांला में इसी स्थान पर 6 अगस्त की रात साढ़े दस बजे मलबा आया था जिससे पूरे 33 घंटे तक आवाजाही बाधित रही थी।