लोहाघाट में भाजपा प्रत्याशी दीपक ओली के समर्थन में जन संपर्क करते केंद्रीय कपडा राज्यमंत्री अजय टम्टा।
- फोटो : अमर उजाला
निकाय चुनावों में नगर पंचायत लोहाघाट में भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक ओली का चुनाव प्रचार जारी है। भाजपा प्रत्याशी दीपक ओली के समर्थन में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर दीपक के लिए समर्थन जुटाया।
मंत्री ने कहा कि लोहाघाट नगर के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है, पार्टी प्रत्याशी की जीत पर लोहाघाट नगर में विकास में और तेजी आएगी। भाजपा प्रत्याशी दीपक ओली ने कहा कि वह नगर के विकास के लिए लोगों के सुझाव के आधार पर कार्य करने के साथ सातों वार्डों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे।
दीपक ने कहा कि लोहाघाट नगर में पर्यटन की अपार संभावनाएं है, जिन्हें बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, जिला महामंत्री नवीन बोहरा, भगवान कुंवर, सचिन जोशी, चंद्र शेखर बगौली, भुवन सुतेड़ी आदि मौजूद रहे।