स्टेडियम बी ने जीता उद्घाटन मुकाबला
- फोटो : अमर उजाला
जिला खेल विभाग की तरफ से अंडर 19 फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मुकाबला स्टेडियम बी ने जीत अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच का शुभारंभ शिक्षक और वालीबाल कोच हयात सिंह चौहान ने किया।
बुधवार को अंडर 19 फुटबाल प्रतियोगिता में दो मैच खेले गए। उद्घाटन मुकाबला स्टेडियम बी और मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल में बीच खेला गया। स्टेडियम बी के खिलाड़ी जितेंद्र भट्ट ने पहले हाफ में एक गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में स्टेडियम के मन्नत के एक गोल की बदौलत टीम ने मैच 2-0 से जीत लिया। दूसरा मुकाबला स्टेडियम ए और शारदा इंटर कालेज की टीमों के बीच खेला गया। स्टेडियम ए के खिलाड़ी लोकेंद्र ने फर्स्ट हाफ में एक गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। लोकेंद्र ने ही सेकेंड हाफ में एक और गोल कर टीम को 2-0 से जीत दिला दी।
मैच के रेफरी फुटबाल कोच आरबी मल्ल थे। लाइनमैन की भूमिका राहुल भट्ट और योगेश चंद ने निभाई। जिला क्रीड़ाधिकारी आरएस धामी ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। विजेता टीम को खेल विभाग की ओर से पुरस्कार दिया जाएगा।