सातवें वेतन आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार माथुर यहां एसएसबी की पांचवीं वाहिनी के जवानों से मिले। कालापानी, गुंजी बॉर्डर आउटपोस्ट के मुआयने के बाद शनिवार को यहां पहुंचे जस्टिस माथुर एसएसबी परिसर में करीब तीन घंटे तक रहे। उन्होंने अर्द्धसुरक्षा बल के जवानों के काम करने के तौर-तरीके जाने।
कमांडेंट रंजीत सिंह ने बताया कि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति माथुर ने एसएसबी के जवानों से बात कर समस्याएं सुनीं। उनके सम्मुख एसएसबी सहित अर्द्धसुरक्षा बलों के लिए भत्तों से संबंधित समस्याएं रखी गई। अध्यक्ष ने काम की कठिन परिस्थितियों के मद्देनजर इन मसलों पर गौर फरमाने का भरोसा दिलाया।
इससे पहले उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। श्री माथुर के साथ एसएसबी के महानिदेशक बंशीधर शर्मा, मुख्यालय की महानिरीक्षक रेणुका मिश्रा, रानीखेत के आईजी श्याम सिंह भी थे। इस मौके पर एसएसबी पीलीभीत के आईजी केपी सिंह, डिप्टी कमांडेंट राजीव भट्ट, सहायक सेनानायक सचिन पराशर आदि मौजूद थे।