टनकपुर (चंपावत)। गणतंत्र दिवस पर सीमा पार से आतंकी घुसपैठ की आशंका को लेकर बॉर्डर पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसएसबी ने भी पेट्रोलिंग, बॉर्डर पर सघन चेकिंग शुरू कर दी है।
गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की योजना के साथ आतंकवादियों की घुसपैठ की खुफिया सूचना के बाद सुरक्षा तंत्र खासा सतर्क हो गया है। आतंकी देश से लगी किसी भी सीमा से घुसपैठ कर सकते हैं। इस सूचना के बाद गणतंत्र दिवस से पूर्व ही बॉर्डर पर तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर पुलिस पहले से ही सतर्क है, लेकिन गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और तगड़ी की गई है। क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा के साथ ही बॉर्डर पर तैनात एसएसबी, पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है। खुफिया तंत्र भी बॉर्डर पर सतर्क है।
आवाजाही कर रहे लोगों की सघन तलाशी ली जा रही है। होटलों में भी नियमित रूप से चेकिंग कर ठहरने वालों से पुलिस गहन पूछताछ करने में जुट गई है। राष्ट्रीय संपत्तियों समेत धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। टनकपुर पावर स्टेशन की सुरक्षा एजेंसी सीआईएसएफ को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
एसएसबी की 57वीं वाहिनी की सी कंपनी के जवानों ने मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग कर सुरक्षा पर नजर रखी। चिलियाघोल स्थित कैंप कार्यालय के उप निरीक्षक बुद्धिप्रकाश के नेतृत्व में एसएसबी जवानों के दल ने उचौलीगोठ से लेकर शारदा स्नानघाट तक पेट्रोलिंग की। बताया कि इस दौरान बॉर्डर पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नहीं मिली। दल में कांस्टेबल गौरीशंकर तिवारी, अनिल कुमार, रवींद्र कुमार आदि थे।
चंपावत। एसएसबी की पंचम वाहिनी की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र में अपनी निगरानी को और चुस्त-दुरुस्त कर दिया है। ठूलीगाड़ में स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) में वाहनों, नागरिकों की आवाजाही पर डॉग स्क्वॉयड के माध्यम से सघन निगरानी रखी जा रही है। वाहिनी के प्रभारी कमांडेंट राजीव भट्ट के निर्देशन में सभी बीओपी में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। एसएसबी जवान विभिन्न बीओपी के बीच पैदल पेट्रोलिंग करने के साथ ही वाहनों की चेकिंग भी कर रहे हैं।
बनबसा (चंपावत)। धनुषपुल स्थित एसएसबी की 57वीं वाहिनी की डी कंपनी जंगली और चोर रास्तों पर दिन-रात निगरानी कर रही है। कमांडेंट केसी राना के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर (खटीमा) की सीमा पर भी अनजान, संदिग्ध, तस्करों पर पैनी नजर है। भारत-नेपाल के बीच बनबसा बैराज से होकर जाने वाला मार्ग (पिलर नंबर सात) ही वैधानिक मार्ग है।
दोनों देशों के बीच इसी मार्ग से वैधानिक व्यापार संभव है। इसलिए धनुषपुल, गढ़ीगोठ से नेपाल को जाने वाले मार्ग पर एसएसबी को प्रतिबंधित सामान जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। गढ़ीगोठ, धनुषपुल से नेपाल को जाने के लिए कई जगह घने जंगल के बीच गश्त करने को कहा गया है। डी कंपनी के प्रभारी कमांडर एएसआई आन सिंह बिष्ट ने बताया कि एसएसबी जवान स्वयं सतर्क हैं। ग्रामीणों से भी अनजान लोगों की सूचना देने को कहा गया है।