स्पोर्ट्स क्लब लोहाघाट की पहल पर हरक सिंह मेहता मेमोरियल लोहाघाट कप राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मुकाबले में काली कुमाऊं चंपावत-लोहाघाट की टीम ने नैनीताल की टीम को 3-0 गोल से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में राज्य और अन्य स्थानों की आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
सोमवार को जीआईसी खेल मैदान में मुख्य अतिथि फुटबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद सिंह मेहता, चेयरमैन गोविंद वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच काली कुमाऊं चंपावत लोहाघाट और नैनीताल स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला गया। काली कुमाऊं टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मैच के पहले हाफ में काली कुमाऊं के खिलाड़ी दीपक वर्मा ने 33वें मिनट में पहला गोल दागा। 39 वें मिनट में टीम के निखिल तड़ागी ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। 66 वें मिनट में निखिल तड़ागी ने एक और गोल दागकर अपनी टीम को अजेय बढ़त दिला दी। रेफरी अतुल अधिकारी, लाइन मेन रोहित नेगी, विवेक खत्री रहे।
आंखों देखा हाल शिवराज तड़ागी, गिरीश कुंवर ने सुनाया। लोहाघाट स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष ब्रजेश माहरा ने बताया कि प्रतियोगिता में नैनीताल, चंपावत, रानीखेत, पौड़ी गढ़वाल, अमृतसर, हल्द्वानी, बनबसा और लोहाघाट की टीम प्रतिभाग कर रही है। मंगलवार को तीन बजे बनबसा और पौड़ी गढ़वाल क्लब के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा।
आयोजन में विमल मेहता, विजय मेहता, भगवान बिष्ट, डॉ.महेश ढेक, गोविंद बोहरा, दिनेश सुतेड़ी, नवीन कनौजिया, हरीश फर्त्याल, नरेंद्र अधिकारी, ब्रजेश ढेक, जीवन राय, दीपक महर, भूवी माहरा, दीपक सुतेड़ी, आशीष कुंवर, जितेंद्र साह, नितिन ढेक, मुकेश साह, त्रिभुवन कोठारी आदि सहयोग कर रहे हैं।