चंपावत में जारी रहे फुटबाल मैच
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मुकाबले में बृहस्पतिवार को उदयन इंटरनेशनल स्कूल ने न्यू बीयरशिवा को और विद्या मंदिर ने जीआईसी को हराया। गोरलचौड़ मैदान पर हुए पहले मैच में उदयन और न्यू बीयरशिवा की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में उदयन के हर्षित ने मैच का एकमात्र गोल किया।
पूरे मुकाबले में यही अकेला गोल हुआ। दूसरे मैच में विद्या मंदिर ने जीआईसी को 2-1 से हराया। पहले हाफ में जीआईसी के आशीष ने फ्री-किक पर गोल किया। विद्या मंदिर के अनिकेत ने पेनाल्टी के जरिए किए गोल से मुकाबला बराबरी पर ला दिया। बाद में विद्या मंदिर के अनिकेत ने एक और गोल कर टीम को जीत दिला दी।
रेफरी और लाइनमैन योगेशनाथ, रितिक तड़ागी और सचिन रंसवाल थे। शुक्रवार को अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल माडर्न स्कूल और एबीसी आल्मा मैटर स्कूल के बीच होगा। जवाहर नवोदय की टीम पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।