लोहाघाट नगर में बीते छह दिनों से सांप्रदायिक तनाव का कारण बनी घटना को अंजाम देने में किसी आदमी का नहीं बल्कि जानवर का हाथ निकला। यह खुलासा बुधवार को पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरू ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। पुलिस के अनुसार 17 नवंबर को लोहाघाट के गैस गोदाम के समीप गोवंशज का कटा सिर मिलने की घटना में एक कुत्ता जिम्मेदार है।
पुलिस की ओर से छह दिनों तक की गई छानबीन और विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह खुलासा किया गया है। एसपी ने बताया कि लोहाघाट थाने में 17 नवंबर को अज्ञात लोगों द्वारा गोवंशज की हत्या किए जाने संबंधी तहरीर पर आईपीसी की धारा 429 और गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/11 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने तत्काल सेरीगैर के समीप गोवंश का अवशेष बरामद कर पशु चिकित्सक से उसका पोस्टमार्टम कराया। कटे सिर और धड़ के डीएनए टेस्ट के लिए नमूने लिए गए। इसके अलावा मल्लिकार्जुन स्कूल के गेट, पेट्रोल पंप और एलआईसी कार्यालय के समीप की सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते को गोवंशज का सिर लाते देखा गया है। फुटेज में कुत्ता बीस मिटन तक सिर चाटते हुए भी दिख रहा है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। जिनका नेतृत्व सीओ चंपावत प्रयाग सिंह कफलिया, सीओ पिथौरागढ़ शेखर सुयाल, थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उप निरीक्षक ललित पांडेय और उपनिरीक्षक ललित कठैत ने किया। गौरतलब है कि घटना के बाद से ही लोहाघाट और चंपावत में तनाव की स्थिति थी। विहिप, हिजामं आदि संगठनों की ओर से मामले का जल्द खुलासा न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
मामले में 70 लोगों से की गई पूछताछ
एसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 70 लोगों से पूछताछ की गई। गोवंशज के अवशेष को किसी व्यक्ति द्वारा डाले जाने, किसी परिवार के किसी गोवंशीय पशु के गुम होने, कस्बे से सटे गांवों, स्थानीय निवासियों के साथ ही बाहरी क्षेत्र के फड़ फेरी लगाने वाले, मीट विक्रेताओं, मैकेनिक, वाहन चालकों आदि से पूछताछ की गई।
चार मोबाइल कंपनियों की 359 काल डिटेल जांची
पुलिस ने मामले में चार मोबाइल फोन कंपनियों एयरटेल, आइडिया, वोडाफोन और बीएसएनएल के लोहाघाट और कलीगांव टावर से सक्रिय रहे 359 फोन नंबरों की काल डिटेल जांची गई। पुलिस की ओर से घटना के बाद से लगातार क्षेत्र में कांबिंग अभियान भी चलाया गया।
मीट विक्रेताओं ने डीएम और एसपी को सौंपा ज्ञापन
जिला मुख्यालय में घटना के बाद से ही मीट मांस की दुकानें बंद हैं। बुधवार को मीट विक्रेताओं के एक शिष्टमंडल ने व्यापार संघ पदाधिकारियों से मुलाकात की और बाद में डीएम तथा एसपी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि घटना का खुलासा होने तक वह अपनी दुकानें बंद रखेंगे। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, नारायण दत्त गड़कोटी, कैलाश अधिकारी, विजय वर्मा, हरीश सक्टा आदि मौजूद रहे।
डीएम और एसपी को ज्ञापन देने वाले मीट विक्रेताओं में अबरार अहमद, इकरार अहमद, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद हासिम, गुलजार अहमद, गुड्डू, मकदूम, शमशाद अहमद, लईक अहमद, शकील सलमानी, इरशाद अहमद आदि शामिल रहे।
जांच से संतुष्ट नहीं अन्य एजेंसी से कराई जाए जांच
हिंदू जागरण मंच ने गोवंशज की हत्या के मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। हिजामं के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकिशोर बोहरा का कहना है कि वह पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं तथा किसी अन्य एजेंसी से इसकी जांच कराने के पक्षधर हैं। उनका कहना है कुत्ता गौवंशज का सिर ही क्यों लाया, यदि कुत्ता सिर लाया था तो ताजा रक्त कैसे बह रहा था, कुत्ता दुबारा सिर के पास क्यों नहीं आया आदि सवालों का जवाब भी पुलिस को देना चाहिए।