लोहाघाट पुलिस की गिरफ्त में स्मैक तस्कर।
- फोटो : LOHAGHAT
बनबसा/लोहाघाट (चंपावत)। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन क्रैकडाउन अभियान चलाया है। इसके तहत तीन मामलों में चार लोगों से 12.18 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
बनबसा की शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत ने शुक्रवार रात शारदा बैराज के सिल्ट इजेक्टर के पास स्थित पार्क बेलबंद्धगोठ पर चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस ने लोहाघाट में गैस गोदाम पास रहने वाले रवि कुमार को संदिग्धावस्था में पकड़ा। तलाशी में उसके पास 3.38 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
एसपी देवेंद्र पींचा और सीओ विपिन पंत के निर्देशन में लोहाघाट पुलिस ने खेतीखान में भगवती मंदिर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बोलेरो जीप में सवार थाना झनकइया, खटीमा के ग्राम भुड़ाई निवासी राम सिंह राणा के कब्जे से 4.20 ग्राम स्मैक और थाना नानकमत्ता के ग्राम गड़ी पट्टी निवासी राजीव राणा के कब्जे से 2.50 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
तीसरे मामले में खेतीखान के मानर गांव में थाना लोहाघाट के ग्राम सुजान निवासी आकाश देउपा के कब्जे से 2.10 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चारों आरोपियों का चालान किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।