बनबसा (चंपावत)। एसओजी टीम ने नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा पांच लाख रुपये का सामान जब्त किया है। सामान समेत कार, चालक को कस्टम के सुपुर्द किया गया। एसओजी टीम प्रभारी एसआई विनोद यादव ने बताया कि कुछ दिनों से बनबसा के रास्ते नेपाल से तस्करी होने की सूचना मिल रही थी।
इस आधार पर एसआई दीवान सिंह जलाल, कांस्टेबल कमल धानिक, नवल किशोर आदि बनबसा के गढ़ीगोठ को जाने वाले रास्ते पर घात लगाए बैठे थे। इसी बीच नेपाल की ओर से टाटा एलिओफ कार (यूपी 16 एयू 5493) आती दिखी। एसओजी टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे घेरकर दबोच लिया।
कार की तलाशी में पुलिस को प्लास्टिक के कट्टों में विदेशी लाइजर बाम, हेयर स्ट्रेंथर (बालों को सीधा करने वाली सामग्री) के दो सौ नग मिले। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। एसओजी प्रभारी यादव ने बताया कि नेपाल से लाया जा रहा उक्त सामान यूपी के नोएडा में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
एसओजी प्रभारी ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है। कार समेत जब्त सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। अलीगढ़ यूपी निवासी कार चालक सतीश कुमार को सामान समेत खटीमा कस्टम को सौंपा गया है।