बैंकों की योजनाओं का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने के लिए नवागत लीड बैंक अधिकारी (एलबीओ) एएस रावत ने नई पहल की है। उन्होंने रोड से कटे और दूरदराज के इलाकों तक बैंकों की जानकारी पहुंचाने के लिए एसएमएस का सहारा लिया है। जिले के सभी 313 ग्राम प्रधानों को इस बाबत एसएमएस किया गया है, जिसमें जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, रुपे कार्ड के अलावा खातों के नियमित परिचालन की जानकारी दी जा रही है।
एलबीओ रावत ने बताया कि मुद्रा बैंक से कमजोर तबके को कर्ज देने के लिए चंपावत में छोटी दुकानों का सर्वे किया जाएगा। पूर्व में कर्ज नहीं लेने वाले दुकानदारों को जरूरत के हिसाब से ऋण दिया जाएगा। फिलहाल 25 सितंबर से आज समाप्त हुए मुद्रा बैंक कर्ज सप्ताह में 262 लोगों को 2.51 करोड़ का ऋण दिया गया है। बैंक की सेवाओं के विस्तार के लिए गांवों में बैंकिंग क्रासपोंडेट (बीसी) का विस्तार किया जाएगा। साथ ही वर्तमान में 43 बीसी में से निष्क्रिय बीसी की कार्य की गति बढ़ाने के लिए बैंक बैठक बुलाएंगे।
जनधन में हासिल किया लक्ष्य
जिले ने जनधन योजना के तहत खाता खोलने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। एलबीओ रावत ने बताया कि जिले में 53953 परिवारों के खाते खोल दिए गए हैं। इसमें से 47380 लोगों तक रुपे कार्ड पहुंचाए जा चुके हैं। जनधन के 150 खातेदारों ने ओवरड्राफ्ट भी किया है। पीएम सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना में 32 हजार और जीवन ज्योति बीमा योजना में 9500 बीमा कराए जा चुके हैं। अलबत्ता अटल पेंशन योजना से अब तक 92 लोग जुड़े हैं।