कलक्ट्रेट और जिला शिक्षा विभाग से बमुश्किल एक किमी दूर ढकना बडोला प्राथमिक स्कूल में ताला लटका मिला। जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) के मुआयने में यह स्कूल बंद मिला। इसे गंभीर गलती मानते हुए डीईओ ने प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा दूसरे स्कूल की एक शिक्षिका का वेतन रोका गया है।
जिला शिक्षाधिकारी वाईएस चौधरी ने बुधवार पूर्वान्ह 11 बजे ढकना बडोला प्राथमिक स्कूल का मुआयना किया, तो वे स्कूल में लटके ताले को देख दंग रह गए। स्कूल बंद था। अनधिकृत रूप से स्कूल बंद होने और किसी दूसरे शिक्षक को प्रभार नहीं देने के आरोप में प्रधानाध्यापिका ममता वर्मा को निलंबित कर दिया है। उन्हें खंड शिक्षा कार्यालय से संबद्ध करने के आदेश दिए गए। डीईओ ने बताया कि इस स्कूल की दूसरी शिक्षिका शिशु देखभाल अवकाश (सीसीएल) पर है।
ढकना प्राइमरी स्कूल खुला तो मिला, लेकिन एक शिक्षिका मीरा वर्मा 16 अप्रैल से 13 मई तक चिकित्सकीय अवकाश में थी, लेकिन उपस्थित पंजिका में इसका उल्लेख नहीं किया गया। साथ ही पत्र व्यवहार पंजिका में भी मेडिकल लीव का जिक्र किया गया है। डीईओ चौधरी ने शिक्षिका मीरा वर्मा का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के उप शिक्षाधिकारी को आदेश दिए हैं। अलबत्ता यह स्कूल खुला था तथा यहां एक शिक्षक ठीक से काम करते मिले।