चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोहाघाट ब्लाॅक के मंगोली के पूर्व प्रधान चांद सिंह बोहरा ने बताया कि बारिश के साथ आए मलबे में बाखली में रहने वाले कुंवर राम, कन्हैया लाल, मोहन राम, महेश राम, मदन राम और कमला देवी के मकान ध्वस्त हो गए हैं। मलबा आते वक्त लोग घरों में थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम ने आपदा प्रभावितों को अन्यत्र शिफ्ट कराया। बारिश से छड़खोला के पास मार्ग पर मलबा आ गया। वहीं, झूमाधुरी मंदिर को जोड़ने वाले शहीद प्रकाश सिंह मोटर मार्ग की दीवार टूट गई है। रोडवेज कार्यशाला की दीवार टूटने से पास स्थित मंदिर को खतरा पैदा हो गया है। छमनियां में सड़क किनारे नालियों के चोक होने से बारिश का पानी लक्ष्मी चतुर्वेदी के गोशाला में घुस गया।
बाराकोट के नौमाना के ग्राम प्रधान संजय जोशी ने बताया कि बारिश से हेमा देवी पत्नी स्व. प्रकाश चंद्र जोशी का प्रधानमंत्री आवास योजना से बने घर के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे आवास को खतरा पैदा हो गया है।