पाटी (चंपावत)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी के उच्चीकरण की मांग को लेकर बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश मेहता के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मांग के समर्थन में शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी घनश्याम पचौली ने बताया कि पाटी क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। क्षेत्रवासी लंबे समय से पीएचसी के उच्चीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शासन-प्रशासन में बैठे अधिकारी भी मामले में मौन हैं। उन्होंने कहा कि पीएचसी के उच्चीकरण से क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही गंभीर मरीजों को उपचार के लिए लोहाघाट और चंपावत जाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने पीएचसी पाटी के उच्चीकरण की मांग पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की तो ग्रामीण जिला मुख्यालय में आंदोलन करेंगे। धरना-प्रदर्शन में घनश्याम पचौली, सुरेश चंद्र गहतोड़ी, प्रकाश मेहता, भगवान सिंह, हेम चंद्र गहतोड़ी, मोहित बिष्ट, नीरज मेहता, रोहित मेहता, प्रियांशु मेहता, गौरव बिष्ट, दीपक गहतोड़ी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।