चंपावत/लोहाघाट। कोरोना महामारी के चलते शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार दो बजे बाद व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। दो बजे बाद अस्पताल, मेडिकल और शराब की दुकानें खुली रहीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बाजारों में घूम धूम कर दुकान बंदी का निरीक्षण किया।
चंपावत जिला मुख्यालय में दो बजे बाद एकदम सन्नाटा पसर गया। इस दौरान इक्का दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए। लोहाघाट में कुछ व्यापारियों की ओर से सोशल मीडिया में सरकार के दो बजे बाजार बंद करने की जारी गाइड लाइन का विरोध भी किया जा रहा है। हालांकि कुछ व्यापारी कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार के इस फैसले को सही कदम भी बता रहे हैं। पुलिस की ओर से बाजार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, अनावश्यक रूप से घूमने वालों को चेतावनी दी।
छह बजे तक खुलें दुकानें, व्यापारियों ने लगाई गुहार
चंपावत। कोरोना की दूसरी लहर के बीच प्रदेश शासन ने बुधवार से दवाओं की दुकानों को छोड़ शेष दुकानें दोपहर दो बजे बाद नहीं खोलने के आदेश दिए हैं। इस आदेश से व्यापारी नाराज हैं। उन्होंने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रकाश तिवारी और महामंत्री सतीश जोशी के नेतृत्व में डीएम से मुलाकात कर दुकानों को दो बजे के बजाय छह बजे तक खुलवाने का आग्रह किया है।
व्यापारी नेताओं का कहना था कि वर्तमान में विवाह और अन्य मांगलिक कार्य चल रहे हैं। इन तमाम बिंदुओं को देखते हुए व्यापारियों ने दो बजे के स्थान पर शाम छह बजे तक बाजार खोलने की इजाजत देने का अनुरोध किया है। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी, सचिव नवल जोशी, उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, उमेद सिंह, प्रकाश सिंह, एनडी गड़कोटी, कमलेश राय, केदार जोशी आदि शामिल थे।