टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच की चौड़ाई बढ़ाने के लिए इन दिनों तेजी से काम चल रहा है। वहीं एनएच पर पर्यटक आवास गृह के पास एक साइनबोर्ड हादसे का इंतजार कर रहा है। इसका निचला हिस्सा खोखला हो चुका है। इसके चलते आसपास के लोगों में इसे लेकर खौफ है।
एनएच के 150 किलोमीटर हिस्से पर 100 से ज्यादा साइनबोर्ड लगे हैं। जगह-जगह लगे इन साइनबोर्डों के जरिए दूरी की जानकारी दी गई है, मगर चंपावत नगर क्षेत्र में लगा एक साइनबोर्ड खतरे की जद में है। इसके निचले हिस्से पर जगह-जगह जंक लगी है और यह काफी जगहों से खोखला हो गया है। इस जगह के आसपास काफी दुकानें हैं। साथ ही शहर से नजदीक होने के चलते आवाजाही के अलावा भीड़ भी खूब रहती है। पास के एक दुकानदार शंकर दत्त सक्टा का कहना है कि साइनबोर्ड के खोखले होने से आसपास खतरा बढ़ रहा है। इसे लेकर मौखिक रूप से कई बार जानकारी भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया जा सका है।
कोट-
एनएच पर ये साइनबोर्ड सड़क हस्तांतरण होने से पूर्व दूसरी एजेंसी द्वारा लगाए गए थे। सड़क विस्तारीकरण के काम के दौरान इन्हें बदला जाएगा। -एलडी मथेला, अधिशासी अभियंता, राजमार्ग खंड, चंपावत।