टनकपुर (चंपावत)। पिछले दिनों हुई बारिश से मलबा आने के कारण स्यांला-पोथ मोटर मार्ग पांच दिनों से बंद पड़ा है। इससे सड़क से जुड़े गांवों के साथ ही कोटकेंद्री आदि दुर्गम गांवों के लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी विभाग पीएमजीएसवाई ने जेसीबी लगाकर मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का दावा है कि बृहस्पतिवार की शाम तक मार्ग खोल दिया जाएगा।
विगत 11 जुलाई हुई बारिश से सूखीढांग क्षेत्र के स्यांला-पोथ मोटर मार्ग कई जगह मलबा आने से बंद है। कोटकेंद्री के ग्रामीण सतीश खोलिया, तल्ली सिरान के ललित सिंह, पोथ हेडा के रमेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, माधव सिंह, आदि ने बताया कि सड़क बंद होने से काफी परेशानी हो रही है। इधर कार्यदायी विभाग पीएमजीएसवाई के इंजीनियर एच कोहली ने बताया कि सड़क खोलने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं। करीब पांच सौ मीटर हिस्से से मलवा हटाया जा चुका है। बृहस्पतिवार की शाम तक मार्ग खोल दिया जाएगा। (संवाद)