टनकपुर (चंपावत)। नायकगोठ में एआरटीओ कार्यालय के समीप की एक दुकान में चोरों ने धावा बोल हजारों की नकदी और सामान चुरा लिया। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरों की सुरागकशी शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चोरों ने शनिवार रात एआरटीओ कार्यालय मार्ग स्थित मथुरा दत्त चिलकोटी की परचून की दुकान के शटर का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी और दुकान का सामान उड़ा लिया। रविवार की सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए।
दुकान खोली तो अंदर सामान और गल्ला बिखरा पड़ा था। सूचना पर उपनिरीक्षक मोहन भट्ट ने मौके पर पहुंच दुकान का निरीक्षण कर घटना का जायजा लिया। दुकान स्वामी के मुताबिक गल्ले में करीब 17 हजार रुपये और हजारों रुपये का कीमत सामान भी गायब है। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान का कहना है कि पुलिस टीम को चोरों की सुरागकशी में लगाया गया है।