सूखीढांग-डांडा-मीडार मार्ग निर्माण में की जा रही अनियोजित कटिंग से मथियाबांज में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया है।
सड़क निर्माण को तीन साल का समय पूरा हो गया है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार अपने वायदे के मुताबिक इस स्थान में सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं कर रहा है। बरसात में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का भवन गिर सकता है।
सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान चलाने वाले श्याम दत्त का कहना है कि वह कई बार सुरक्षा दीवार बनाने की मांग को लेकर लोनिवि के अधिकारियों और ठेकेदारों से गुहार लगा चुका है, जबकि पूर्व में इस स्थान से आगे रोड कटिंग करने से पूर्व सुरक्षा दीवार बनाने का आश्वासन दिया गया था।
उनका कहना है कि रोड कटान होते समय दुकान के नीचे सुरक्षा दीवार थी, लेकिन रोड निकालने के प्रयास में दोनों सुरक्षा दीवारों को तोड़ दिया गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को सूचना दी है। ग्राम प्रधान ईश्वरी दत्त, सुनील चंद्र आदि ग्रामीणों ने भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के बचाव के लिए तत्काल सुरक्षा दीवार बनाने की मांग उठाई है।