टनकपुर में शारदा 14 के जंगल में लगी आग बुझाता अग्निशमन कर्मी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र के जंगलों में आग की घटनाएं बढ़तीं जा रहीं हैं। शुक्रवार शाम मां पूर्णागिरि धाम में ठुलीगाड़ क्षेत्र के जंगल में आग लगी जबकि शनिवार सुबह शारदा टापू का जंगल धधक उठा। पुलिस, जिला पंचायत कर्मियों और वहां मौजूद युवाओं ने सूझबूझ से आग फैलने से रोकी। शारदा टापू की आग अग्निशमन विभाग ने बुझाई।
पूर्णागिरि धाम में शुक्रवार शाम ठुलीगाड़ टैक्सी स्टैंड के पास के जंगल में अचानक आग लग गई। इससे पहले की आग सड़क तक पहुंचती ठुलीगाड़ में तैनात पुलिस और जिला पंचायत कर्मियों के साथ ही वहां मौजूद युवा आग बुझाने दौड़ पड़े। हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिसे देखकर आग बुझा रहे लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए फायर लाइन बनाकर आग को सड़क तक फैलने से रोक दिया। इधर शनिवार सुबह शारदा टापू संख्या 14 में खनिज निकासी गेट के पास का जंगल धधक उठा। सूचना पर अग्निशमन और वन विभाग ने आग बुझाने का प्रयास किया। अग्निशमन अधिकारी श्याम बहादुर थापा की अगुवाई में टीम ने बमुश्किल आग बुझाई। टीम में कांस्टेबल जसवंत सिंह राणा, राजू कुमार, चरण सिंह, मुकेश कुमार, प्रमोद सौन, जगमोहन पाल, रवि सिंह, वन दरोगा मुनेश सिंह राणा, कौशल कश्यप, राम कुमार, रवि मकदूम आदि थे।