मरम्मत कार्य के चलते पिछले दो दिनों से लोहियाहेड पावर हाउस का विद्युत उत्पादन ठप है, जिस कारण शारदा बैराज से शारदा नहर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इन दिनों यूपी में नहरों की सफाई का कार्य भी चल रहा है।
तीन नवंबर से शारदा नहर की जलापूर्ति बंद की गई है, जो अगले बारह दिनों तक और चलेगी। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बीएस यादव ने बताया कि लोहियाहेड प्रशासन ने दो सप्ताह (14 दिन) का क्लोजर मांगा है, जिसके चलते शारदा नहर की जलापूर्ति रोक दी गई है। एसडीओ ने बताया कि इन दिनों बाईपास नहरों की सफाई के चलते नहर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूपी में इन दिनों सिंचाई के लिए पानी की डिमांड भी नहीं है। बताया कि बैराज से सारा पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
केवल 115 क्यूसेक पानी नेपाल चैनल में छोड़ा जा रहा है। इन दिनों नदी में 5194 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। विद्युत विभाग के जेई प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि बनबसा-टनकपुर की विद्युत सप्लाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बता दें कि इन दिनों लोहियाहेड पावर हाउस में 12 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था।