बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज, कार्यालय और कॉलोनी परिसर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। पांच करोड़ रुपये का बकाया बिजली बिल जमा न करने पर 27 मार्च को यूपीसीएल ने यूपी सिंचाई विभाग के शारदा हेडवर्क्स की बिजली काट दी थी, जिससे शारदा बैराज, कार्यालय, कॉलोनी परिसर और शारदा बैराज पुलिस चौकी में अंधेरा पसर गया। हालांकि सोमवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पूर्णागिरि मेले और बैराज की सुरक्षा के मद्देनजर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि यूपीसीएल व यूपी सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद बिजली कनेक्शन जोड़ा गया है। उन्होंने शारदा हेडवर्क्स की बिजली जोड़ने में टनकपुर स्थित श्री पूर्णागिरि तहसील के एसडीएम हिमांशु कफल्टिया के प्रयासों की सराहना की।