बदहाल शहीद लांसनायक प्रकाश सिंह छमनियां-झूमाधुरी मेला स्थल मोटर मार्ग। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। ग्राम पंचायत पाटन पाटनी में शहीद लांसनायक प्रकाश सिंह के नाम से छमनियां से झूमाधूरी मेला स्थल तक बने लिंक मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रकाश बोहरा, पूर्व प्रधान सुभाष कुमार, गंगा सिंह पाटनी का कहना है कि करीब चार वर्ष पूर्व लोनिवि ने शहीद लांसनायक प्रकाश सिंह के नाम से छमनियां से झूमाधूरी मेला स्थल तक एक किमी मोटर मार्ग का निर्माण किया था। तब से इस मोटर माग की कोई सुध नहीं ली जा रही है। सड़क पर जगह जगह गड्ढे बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि छमनियां से पिथौरागढ़ एनएच पर जाने के लिए यह मोटर मार्ग काफी नजदीक होता है। बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग में आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि ने इस मार्ग पर शहीद के नाम का बोर्ड लगाकर खानापूर्ति कर दी है जो शहीद का भी अपमान है। इधर, लोनिवि अभियंता हरीश कुंवर का कहना है कि मोटर मार्ग पर कच्ची नाली का निर्माण कार्य कर दिया गया है। पेच वर्क के लिए टेंडर लगाए गए हैं। शीघ्र मोटर मार्ग को ठीक कर लिया जाएगा। संवाद