चंपावत में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ चंपावत से पैदल जाते दिहाड़ी मजदूर।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत/लोहाघाट। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को जारी लॉकडान बृहस्पतिवार को बेहद कामयाब रहा। चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी सहित अधिकांश जगहों में लोगों ने लॉकडाउन का पालन किया। लोगों ने पैदल बाजार आकर खरीदारी की। तीन घंटे तक खुले रहने वाले बैंकों में भी लोगों की आमद एकदम घट गई है। अलबत्ता ज्यादातर एटीएम में नकदी नहीं है। लॉकडाउन के चलते दिनभर नगरों में सन्नटा पसरा रहा। जरूरी सेवा वाले वाहन ही सड़क पर नजर आए।
सुबह 7 बजे से 10 बजे तक खुली दुकानों में भीड़ रही। डीएम की अपील पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए नगर के व्यापारियों ने अपने ग्राहकों के खड़े होने को एक मीटर के फासले पर सर्किल बनाए। ग्राहक इन सर्किलों में खड़े होकर ग्राहक फल-सब्जी, राशन, दवा आदि खरीद रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान चंपावत में नगर पालिका के अलावा अग्निशमन की टीम के बालमुकुंद राणा, दया विश्वकर्मा, राजेश झिंगुड़ी, दीपांशु, सुनील जोशी आदि ने नगर भर के अस्पताल, कार्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे हिस्सों को सेनेटाइज किया। इसी तरह रीठा साहिब क्षेत्र में भी पेयजल स्रोत सहित तमाम जगहों को सेनेटाइज किया गया।
तल्लादेश में लॉकडाउन उल्लंघन में जीप सीज
चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र के मंच में पुलिस ने एक जीप को लॉकडाउन के उल्लंघन में सीज कर दिया है। तामली के थाना प्रभारी दिवान सिंह ग्वाल ने बताया कि जीप (संख्या यूके 03 टीए/1087) को लॉकडाउन के उल्लंघन और ओवरलोड में सीज किया गया है।