टनकपुर (चंपावत)। नेपाल के दार्चूला से सात बालक परिजनों को बिना बताए घर से निकल गए। पुलिस ने सभी को ककरालीगेट सकुशल पकड़ा और परिजनों को बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार रविवार को जिला पिथौरागढ़ से पुलिस को सूचना मिली कि दार्चूला, नेपाल के सात बालक घर से बिना बताए कहीं चले गए। इस पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट जारी कर दिया गया। आदर्श आचार संहिता के क्रम में स्थापित ककरालीगेट बैरियर में एएसआई रवि जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक वाहन में सभी बच्चों को सकुशल बरामद किया। बाद में परिजनों तक पहुंचाने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट शारदा बैराज लाया गया। नेपाल पुलिस से संपर्क कर परिजनों को बुलाया गया जिन्हें नेपाल पुलिस की मौजूदगी में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।