डाकघर के सेंट्रल सर्वर की खराबी के कारण शुक्रवार को चंपावत-लोहाघाट डाकघर में लेनदेन बुरी तरह प्रभावित रहा। इसके चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शादी-विवाह का सीजन होने के कारण डाकघर में लेनदेन के लिए लोगों की भारी भीड़ रही। जिन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
लोहाघाट में बृहस्पतिवार शाम करीब तीन बजे सर्वर में खराबी आने के कारण डाकघर के कई महत्वपूर्ण कार्य ठप पड़ गए। लोग सुबह नौ बजे से डाकघर में लेनदेन के लिए आने शुरू हो गए थे। सर्वर की खराबी की सूचना मिलने के बाद वह सर्वर ठीक होने के इंतजार में घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन सर्वर ठीक न होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इसके चलते लोहाघाट व चंपावत डाकघर में करीब 80 लाख रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा।
चंपावत के पोस्टमास्टर जगदीश पांडेय और लोहाघाट के पोस्टमास्टर पीएन कापड़ी का कहना है कि बृहस्पतिवार को शाम करीब तीन बजे सर्वर में खराबी आ गई। इसके चलते डाकघर का पूरा कामकाज ठप पड़ गया। कामकाज निपटाने के लिए देर रात तक सर्वर सही होने का इंतजार किया गया, लेकिन सही नहीं हो पाया। शुक्रवार को पूरा दिन कामकाज प्रभावित रहा।