चंपावत। काली कुमाऊं राज्य आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने मैच जीत कर देहरादून आक्रांता क्लब और गढ़वाल रायफल्स ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। गोरलचौड़ मैदान में हुए पहले क्वार्टर फाइनल मैच में गढ़वाल रायफल्स ने पिथौरागढ़ को एक के मुकाबले तीन गोल से पराजित किया।
गढ़वाल रायफल्स के विवेक ने 8वें मिनट में गोल दागने का सिलसिला शुरू किया, लेकिन छह मिनट बाद ही खगेंद्र चंद के शानदार गोल से पिथौरागढ़ ने मुकाबला बराबरी पर ला दिया। ये बराबरी 59वें मिनट तक बनी रही, लेकिन 60वें मिनट में गढ़वाल रायफल्स के अनुज नेगी और 75वें मिनट में मुकेश ने बेहतरीन गोल किया।
दूसरे मैच में देहरादून के आक्रांता क्लब ने टनकपुर को एक के मुकाबले पांच गोलों से करारी शिकस्त दी। दून के लिए अजय ने तीन गोल दागे। अजय ने 38वें, 46वें और 80वें मिनट में गोल किए, जबकि अभय ने 56वें मिनट में और प्रवीण ने मैच का आखिरी गोल 81वें मिनट में किया।
पराजित टनकपुर की ओर से इकलौता गोल धनंजय ने 79 वें मिनट में कर मैच के अंतर को कम किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी आरएस धामी, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, शंकरदत्त पांडेय, मदन सिंह महर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
सुनील कुमार, गौरव खोलिया, हीरा सिंह, भूपाल नेगी, अमित वर्मा रेफरी और लाइनमैन थे, जबकि आंखों देखा हाल अशोक वर्मा, रघुराज देउपा ने सुनाया। आयोजन में जिला खेल समन्वयक प्रदीप बोरा, महेंद्र बोरा आदि सहयोग कर रहे हैं। आयोजक नरेंद्र लडवाल ने बताया कि शुक्रवार को पहला मुकाबला यूएस नगर और उत्तराखंड पुलिस के बीच होगा।