लोहाघाट नगर पंचायत में शुरू हुए ऋण शिविर में मौजूद जिला उद्योग केंद्र व बैंक के अधिकारी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। सरकार की ओर से लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उन्हें ऋण सुविधा मुहैया कराने को लेकर नगर पंचायत में तीन दिनी ऋण शिविर शुरू हो गया है। शिविर में लोगों के ऋण स्वीकृति में हो रही दिक्कतों आदि का समाधान भी किया जा रहा है।
जिला उद्योग केंद्र के नोडल अधिकारी पंकज चौहान और बैंक के नोडल अधिकारी जनार्दन चिलकोटी के निर्देशन में नगर पंचायत सभागार में ऋण शिविर शुरू हो गया है। उद्योग केंद्र के नोडल पंकज चौहान ने लोगों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सरकार की ओर से बाहरी राज्यों से लौटे प्रवासियों और अन्य लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं। जिला उद्योग केंद्र की ओर से प्रवासियों और अन्य लोगों को अपने उद्यम स्थापित करने के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण दिया जा रहा है। शिविर के माध्यम से ऋण के लिए आवेदन करने वाले लोगों को हो रही दिक्कतों का समाधान भी किया जा रहा है। बैंक के नोडल जर्नादन चिलकोटी ने बताया कि ऋण के लिए आवेदन करने के बाद बैंक संबंधी सभी समस्याओं का शिविर में निदान किया जा रहा है। शिविर में पहले दिन चार लोगों के ऋण लेने संबंधी समस्याओं का समाधान किया।