लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के दूरस्थ भारत नेपाल सीमा से लगे पंचेश्वर के सिमलौदा में सरयू नदी किनारे विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस और एसएसबी ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से बाहरी क्षेत्र से आए लोगों के सत्यापन की मांग उठाई।
पंचेश्वर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि भारत नेपाल सीमा में ग्राम सभा सिमलौदा पंथ्यूडा में सरयू नदी नदी किनारे 580 ग्राम जिलेटिन, एक डेटोनेटर और एक सेफ्टी फ्यूज बरामद हुआ है। एसएसबी के एसआई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत ने बताया कि जिस स्थान पर नदी किनारे विस्फोटक सामग्री मिली थी, वह आबादी से काफी दूर जंगल में है। उन्होंने बताया कि आसपास के गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाल ने बताया कि मामले की पुलिस और एसएसबी जांच कर रही है। खुफिया तंत्र भी मामले की जांच में जुटा हुआ है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।