चंपावत में कोरोना का टीका लगवाते जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले में कोविड टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू हो गया है। सोमवार को जिले के सात स्थानों में 4610 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस लाइन में एसपी लोकेश्वर सिंह ने पहला टीका लगवा कर अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस लाइन के अलावा जिला अस्पताल, एसएसबी, लोहाघाट अस्पताल, आईटीबीपी, एनएचपीसी टनकपुर, बनबसा ट्रामा सेंटर शामिल हैं।
डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि प्रत्येक केंद्र में तीन कमरे हैं, जिसमें एक टीकाकरण कक्ष, एक प्रतीक्षालय, एक अवलोकन कक्ष हैं। कहा कि कोविड वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित हैं इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें। उन्होंने कहा कि पहला टीका लगने के 28 दिन बाद उस व्यक्ति को दूसरा टीका लगेगा। इस मौके पर एसडीएम अनिल गर्ब्याल, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, डॉ. श्वेता खर्कवाल के साथ पुलिस के जवान उपस्थित रहे। जिला अस्पताल में भी पुलिस और पीआरडी के सौ जवानों को टीका लगाया गया।
तीन कोरोना योद्धाओं ने टीका लगाने से किया इंकार
टनकपुर। सोमवार से शुरू हुए कोरोना टीकारण के दूसरे चरण में पहले दिन पहली पंक्ति के कोरोना योद्धा रहे 99 में 79 अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीके लगवाए। जबकि नगर पालिका की दो महिला सहायक कर्मचारियों समेत तीन लोगों ने लिखित देकर टीका लगाने से इंकार किया है। ट्रामा सेंटर भवन में सुबह आठ बजे से शुरू हुए टीकाकरण में पहली पंक्ति के कोरोना योद्धा अधिकारियों और कर्मचारियों को टीके लगाए गए। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि 99 लोगों को टीके लगाए जाने थे जिनमें से 79 लोगों ने टीके लगवाए हैं। नगर पालिका की सहायक कर्मचारी सीमा, संतोषी और रवि ने कोरोना का टीका लगाने से इंकार किया है। इस संबंध में तीनों ने सीएमएस को लिखित दिया है। सीएमएस ने बताया कि पहले चरण में 402 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जा चुके हैं। (संवाद)