बनबसा (चंपावत)। फंदा लगाकर तेंदुए को मारने के मामले में दूसरे आरोपी को वन विभाग की टीम ने छीनीगोठ से पकड़ लिया। वन विभाग उसका चालान कर उसके खिलाफ मुकदमा दायर करने की कार्रवाई कर रहा है। न्यायालय में पेश करने के बाद वन विभाग उसे रिमांड पर लेगा। इस मामले एक आरोपी पहले से ही जेल में है।
टनकपुर के छीनीगोठ में 20 दिसंबर को एक तेंदुआ फंदे में फंस गया था। घायल तेंदुए को वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर उपचार को ले जा रही थी, लेकिन तेंदुए की रास्ते में ही मौत हो गई थी। तब इस मामले में एकआरोपी को पकड़कर वन विभाग ने मुकदमा दायर किया था, यह आरोपी इस समय जेल में है। पूर्वी तराई वन प्रभाग में खटीमा के रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि इस मामले में दूसरे आरोपी छीनीगोठ निवासी राकेश टम्टा को वन विभाग की टीम मंगलवार को गांव से ही पकड़ लिया है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में रेंजर मनराल के अलावा वन दरोगा संतोष सिंह भंडारी, अशोक कुमार गौतम, प्रहलाद सिंह गोनिया के अलावा अन्य कर्मी थे। तेंदुआ को फंदा लगाकर पकड़ने का प्रयास करने वालों में राकेश को ही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।