टनकपुर उप जिला अस्पताल में दवाईयां की एक्सपायरी डेट चेक करते एसडीएम सुंदर सिंह। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। एसडीएम सुंदर सिंह ने उप जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में मिली कई खामियों पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमएस को शीघ्र खामियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में निप्रयोज्य खड़े वाहनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह अचानक उप जिला अस्पताल पहुंचे एसडीएम ने इमरजेंसी वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्थाएं देखीं। ऑक्सीजन प्लांट में अग्निशमन के उपकरण नहीं रखे होने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे घोर लापरवाही बताते हुए शीघ्र अग्निशमन यंत्र लगाने को कहा। एसडीएम ने अस्पताल के वार्ड, दवा कक्ष, ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, हेल्थ एटीएम, प्रयोगशाला कक्ष का भी निरीक्षण किया। दवाइयों की एक्सपायरी डेट देखी। इस दौरान सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी, चिकित्साधिकारी डॉ. मो. उमर, डॉ. हेमंत शर्मा आदि मौजूद थे। संवाद