आइएसबीस के लिए प्रस्तावित भूमि से कूड़े उठाती जेसीबी। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। रोडवेज क्षेत्रीय कार्यशाला के समीप आईएसबीटी के लिए प्रस्तावित भूमि पर प्रशासन और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाकर वहां डंप कूड़े के ढेर को साफ कराया है। इस दौरान एसडीएम आकाश जोशी ने रोडवेज के एआरएम नरेंद्र गौतम और ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी को फटकार लगाते हुए दोबारा परिसर में गंदगी पाए जाने पर दोनों विभागों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
बता दें कि रोडवेज के क्षेत्रीय कार्यशाला के समीप नलकूप खंड़ की आईएसबीटी निर्माण के लिए हस्तांतरित हुई भूमि पर लंबे समय से कूड़े का डंप लगा हुआ है। शिकायत मिलने पर बुधवार को एसडीएम आकाश जोशी नगर पालिका और अग्निशमन विभाग की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे और वहां डंप कूड़े के ढेर को जेसीबी की मदद से साफ कर डंपिंग जोन पहुंचाया गया। इस दौरान एसडीएम ने रोडवेज के एआरएम संचालन नरेंद्र गौतम को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई और अब तक रोडवेज से यूजर चार्ज नहीं वसूले जाने पर ईओ से नाराजगी जताते हुए यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद, जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा, सफाई नायक राकेश, केपीएस प्रभारी अनुराग दुबे, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, लीडिंग फायरमैन श्याम सिंह रावत आदि मौजूद थे।